मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी में प्रिंट रेट से अधिक कीमत पर शराब बेचने का मामला सामने आया है। कृषि उपज मंडी के पास स्थित एक वाइन शॉप पर निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने को लेकर विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 की रात करीब 11.15 बजे ग्राम सुपड़ा निवासी 31 वर्षीय शैलेन्द्र सिंह झाला अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने एमडी व्हिस्की का एक क्वार्टर खरीदा, जिस पर अधिकतम खुदरा मूल्य 201 रुपये अंकित था।

आरोप है कि दुकान कर्मचारी ने उक्त क्वार्टर के बदले 210 रुपये वसूल किए। जब शैलेन्द्र सिंह ने प्रिंट रेट से अधिक राशि लेने पर आपत्ति जताई, तो कर्मचारी से कहासुनी हो गई। आवेदक का आरोप है कि विरोध करने पर कर्मचारी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा, “लेना हो तो लो, नहीं तो यहां से जाओ।” विवाद बढ़ने पर फरियादी ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया।

पुलिस के पहुंचने पर आवेदक ने ऑनलाइन पेमेंट की हिस्ट्री दिखाते हुए अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद संबंधित पक्ष ने पुलिस चौकी पहुंचकर आवेदन दिया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के समय लाइसेंसी भी दुकान पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया।

क्षेत्रवासियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं से प्रिंट रेट से अधिक वसूली पर रोक लगाई जा सके।
