शाजापुर। शिवपुरी में वकील की हत्या की घटना को लेकर जिलेभर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में सोमवार को शाजापुर वकील संघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में शिवपुरी में वकील संघ के अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की अपराधियों द्वारा हत्या कर दी गई। इस जघन्य घटना से न केवल शिवपुरी बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है।
वकील संघ ने ज्ञापन के माध्यम से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर वकील प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग भी उठाई गई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
वकील संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।