मनासा। जिले के मनासा निवासी 30 वर्षीय मोइन पिता मुस्तकीम मंसूरी द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने घर पर ही अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए मनासा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया गया। वर्तमान में युवक का उपचार जिला चिकित्सालय नीमच में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे निरंतर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मामला रुपये के लेन-देन से जुड़े विवाद से संबंधित बताया जा रहा है, हालांकि जहरीला पदार्थ सेवन करने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।

बताया जा रहा है कि घटना से पूर्व युवक द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल करने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
