नीमच। नीमच जिले के शासकीय विद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने एलेन इंदौर शाखा के सहयोग से टाउन हॉल में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की।
कार्यशाला में जिले के शासकीय स्कूलों के कक्षा 11वीं और 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी पढ़ाने वाले शिक्षकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की आधुनिक तैयारी पद्धति से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आईआईटी, नीट और जेईई मेन्स जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अधिक संख्या में भाग लेने और सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।
जिला शिक्षा अधिकारी एसएम मांगरिया ने कहा यदि शिक्षक प्रतियोगी परीक्षाओं के नवीनतम पैटर्न और रणनीतियों से अच्छी तरह परिचित होंगे, तो वे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन दे पाएंगे। हमारा लक्ष्य है कि जिले के शासकीय विद्यालयों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर नीमच का नाम रोशन करें।
कार्यशाला में एलेन के अनुभवी शिक्षाविदों ने विषयवार गहन मार्गदर्शन प्रदान किया। रसायन शास्त्र के सचिन दुबे, बायोलॉजी के डॉ. अविनाश पांडे, गणित के जयशंकर शर्मा और फिजिक्स के हरिओम त्यागी ने शिक्षकों को प्रभावी तैयारी तकनीकों और मार्गदर्शन की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव, निखिल पाटीदार और प्रणय उपाध्याय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल व्यास ने किया।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल शिक्षकों को अधिक सशक्त बनाने के साथ ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में प्रवेश के द्वार खोलने वाला महत्वपूर्ण प्रयास साबित होगी।