मंदसौर। जिले की सभी 9 प्रधानमंत्री शैक्षणिक विद्यालय (पीएम श्री शाला) में शासकीय मापदंडों के अनुरूप व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर अदिती गर्ग ने जिला शिक्षा अधिकारी और सभी प्राचार्यों की बैठक आयोजित की।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अनुकूल जैन, जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी और संबंधित स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित थे। कलेक्टर गर्ग ने निर्देश दिए कि सभी पीएम श्री विद्यालयों में प्रवेश द्वार, नाम पट्टिका, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशालाएं (फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी), पुस्तकालय, इंटरनेट सुविधा, विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण, खेल मैदान, खेल शिक्षक, ग्रीन स्कूल फीचर और स्कूल इनोवेशन से संबंधित व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से पूरी की जाएं।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। उपलब्ध बजट का पूर्ण और प्रभावी उपयोग करते हुए अधूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। साथ ही, स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भारत सरकार के केंद्रीय दल द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण भी किया जाएगा।
बैठक में सभी प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे विद्यालयों की व्यवस्थाओं का स्व-मूल्यांकन करें और आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करें।