खरगोन। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पुलिस थाना परिसर स्थित महा मृत्युंजय मंदिर में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह 11ः00 बजे भगवान को साबूदाने की खिचड़ी का भोग अर्पित कर प्रसादी वितरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल, थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन एवं आयोजनकर्ता नवीन बारचे द्वारा विजय स्तंभ चौराहे पर बोल बम नर्मदे हर के जयघोष के साथ की गई। खिचड़ी प्रसादी वितरण का क्रम दोपहर 3ः00 बजे तक निरंतर चलता रहा।
आयोजक नवीन बारचे ने बताया कि इस सेवा कार्य की शुरुआत वर्ष 2002 में मात्र 10 किलो साबूदाने से हुई थी। श्रद्धालुओं के बढ़ते स्नेह और सहयोग से यह आयोजन निरंतर विस्तृत होता गया और इस वर्ष 17 क्विंटल साबूदाने की खिचड़ी तैयार कर प्रसादी के रूप में वितरित की गई। यह आयोजन का 23वां सफल वर्ष रहा। कार्यक्रम पूर्णत तह सहयोग से संचालित किया जाता है दिनेश पाटीदार द्वारा बर्तन एवं टेंट की संपूर्ण व्यवस्था की गई। नवीन बारचे ने बताया कि रात्रि से ही मित्र मंडली, वरिष्ठजन एवं सहयोगियों का भरपूर साथ मिलता है, जिससे यह सेवा कार्य सुचारु रूप से सम्पन्न हुआ।