जीरन। नगर में स्थित शासकीय महाविद्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) और छात्रों ने मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर प्रभारी प्राचार्य दीपा कुमावत को तत्काल हटाने की मांग की। प्रदर्शन के कारण दिनभर कॉलेज में शैक्षणिक कार्य प्रभावित रहा।

विरोध प्रदर्शन शनिवार को हुई घटना के बाद शुरू हुआ, जब प्रभारी प्राचार्य और एक अन्य शिक्षक के बीच बहस हाथापाई तक पहुंच गई। घटना का वीडियो और चर्चा पूरे नगर में फैल गई।

सोमवार को छात्र-छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए गेट पर ताला लगा दिया। तनाव बढ़ते देख जीरन पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और प्रदर्शन समाप्त हुआ।
