खरगोन। शहर मे नगर पालिका के विकास कार्य रहवासियों के लिए सुविधा के बजाय दुविधा के कारण बन रहे है। सनावद रोड़ पर शुरु किया गया नाला निर्माण कार्य पिछले एक माह से अधूरा पड़ा है, जो जलजमाव, गंदगी और सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन गया है। लंबे समय से काम बंद होने पर सोमवार को क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताई। क्षेत्र के राधाकृष्ण महाजन ने बताया नगर पालिका परिषद ने करीब एक माह पहले नाला निर्माण शुरु किया है। यह नाला निर्माण शुरुआत से ही आरोपों में घिरा है। यहां प्रभावशाली एवं राजनीतिक लोगों के दबाव में नाला निर्माण को बार-बार बदला गया। वहीं महज 100 मीटर निर्माण के बाद कार्य रोक दिया गया है जिसके चलते यहां व्यापारिक प्रतिष्ठानों के साथ ही रहवासी मकानों के बाहर गंदा पानी जमा हो रहा है। खुदाई के बाद मलबा भी घरों, दुकानों के बाहर पड़ा है। कार्य शुरू कर बीच में छोडऩे, निर्माण में धीमी गति, और कवर्ड स्लैब न डालने से जल निकासी अवरुद्ध हो रही है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा, यातायात में बाधा और निवासियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाईन पर भी की गई है।