चित्तौड़गढ़। विधानसभा में सरकार द्वारा पेश 2026-27 के बजट पर बोलते हुए विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने इसे जनकल्याणकारी, विकासोन्मुखी और दूरदर्शी बजट बताया। उन्होंने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवा, महिला, किसान और उद्योग सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
विधायक आक्या ने कहा कि चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए सड़कों के निर्माण एवं सुधार, पेयजल योजनाओं का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं का उन्नयन, शिक्षा में आधुनिक संसाधन और कृषि व सिंचाई परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने का धन्यवाद किया।
स्थानीय रोजगार पर जोर-
आक्या ने कहा कि चित्तौड़गढ़ में खनिज, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाओं के बावजूद युवाओं को स्थानीय स्तर पर पर्याप्त रोजगार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि स्थानीय औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिया जाए और इसके लिए आवश्यक कानून बनाएं।
स्वास्थ्य और पर्यटन सुधार-
उन्होंने जिला अस्पताल का उन्नयन, उप जिला चिकित्सालयों में विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत और भदेसर को उप जिला चिकित्सालय बनाने की आवश्यकता बताई। इसके साथ ही पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, बेहतर सड़कें और प्रचार-प्रसार से स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर भी जोर दिया।
कृषि एवं गौ पालन प्रोत्साहन-
गौशालाओं में गायों के लिए पैकेज 9 माह से बढ़ाकर 12 माह किया जाए। छोटे और बड़े गायों पर मिलने वाले अनुदान राशि को दोगुना करने की मांग की।
सामाजिक न्याय-
आक्या ने विधानसभा में यह भी कहा कि सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर (म्ॅै) को मिलने वाले लाभों को केंद्र सरकार की नौकरियों में भी सुनिश्चित किया जाए और इसके लिए विधायी प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिया।