भोपाल। मप्र विधानसभा का बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण से शुरू हुआ। लेकिन विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के कारण वे अपना भाषण पूरा नहीं कर सके और बीच में ही सदन से चले गए। राज्यपाल ने सुबह 11ः12 बजे अभिभाषण पढ़ना शुरू किया। 11ः20 बजे विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। करीब 7 मिनट तक वे शोर-शराबे के बीच अपना भाषण पढ़ते रहे।
इस दौरान सत्तापक्ष मेजें थपथपाकर समर्थन जताता रहा, जबकि विपक्ष लगातार नारेबाजी करता रहा। आखिर 11ः27 बजे राज्यपाल सदन से प्रस्थान कर गए। बाद में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने घोषणा की कि अभिभाषण के शेष भाग को पढ़ा हुआ माना जाएगा। इससे पहले सदन की कार्यवाही राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के समूहगान से शुरू हुई। राष्ट्रगीत के सभी छह छंदों का पूर्ण गायन किया गया।