राजगढ़। जिले में ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। इसमें बालक वर्ग के लिए कबड्डी और बालिका वर्ग के लिए खो-खो के मुकाबले होंगे। जिला स्तर पर पहला स्थान पाने वाली टीम को 21 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके लिए पंचायतों में रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले के मार्गदर्शन में यह आयोजन एक नवाचार के रूप में शुरू किया गया है। योजना के तहत, पहले जनपद स्तर पर मुकाबले आयोजित होंगे। वहां से चयनित टीमें जिला स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगी।
विजेताओं को मिलेंगे ये इनाम
जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रथम पुरस्कार 21 हजार रुपए
द्वितीय पुरस्कार 11 हजार रुपए
तृतीय पुरस्कार 5 हजार 100 रुपए
सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक वर्ग में 1 हजार 100 रुपए
शारीरिक विकास और टीम भावना बढ़ाना उद्देश्य
प्रतियोगिता का उद्देश्य पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करना है। प्रशासन का मानना है कि इन खेलों से युवाओं का शारीरिक विकास होगा और उनमें टीम भावना मजबूत होगी। खेल प्रेमियों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को जिला और प्रदेश स्तर पर पहचान मिलेगी।
यहां कराएं रजिस्ट्रेशन
टीमों का पंजीयन संबंधित जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत कार्यालयों के माध्यम से किया जा रहा है। इच्छुक खिलाड़ी अपनी पंचायत में संपर्क कर सकते हैं।