नागदा जंक्शन। उज्जैन-जावरा मार्ग के फोरलेन/चौड़ीकरण की मांग को लेकर पैदल यात्रा पर निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मंगलवार को चौपाल सागर के पास रोककर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार नागदा से उज्जैन तक प्रस्तावित पदयात्रा में 21 से अधिक कार्यकर्ता शामिल थे। पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक दिलीप सिंह गुर्जर नागदा थाने पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं में राधे जायसवाल, विराम गुर्जर, राधा मालवीय, भीमराज मालवीय, राधेश्याम चंद्रवंशी, मांगू गुर्जर, देवीलाल चंद्रवंशी सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल हैं।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण की मांग को लेकर शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली जा रही थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति यात्रा निकाले जाने के कारण यह कार्रवाई की गई।
मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।