जावरा। शहर की श्रीराम नगर कॉलोनी पिछले 17 वर्षों से गंभीर जलनिकासी (नाली) समस्या से जूझ रही है। कॉलोनी में बनी पुरानी नाली में पानी का बहाव सुचारू रूप से नहीं हो पाता, जिसके कारण हर बारिश में गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। इससे पूरे क्षेत्र में जलभराव, दुर्गंध और गंदगी फैल जाती है।
रहवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और मच्छरों के बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के साथ ही सीएम हेल्पलाइन पर भी आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
कॉलोनी के सैकड़ों परिवार इस परेशानी से प्रभावित हैं। नागरिकों ने नगर पालिका से जल्द नई नाली निर्माण और उचित जलनिकासी व्यवस्था करने की मांग की है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सुनवाई नहीं हुई तो वे धरनादृप्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।