जावरा। सर्पदंश से हुई बालिका साक्षी की मृत्यु के छह माह बाद भी परिजनों को मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना की सहायता राशि नहीं मिलने पर वे मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में आवेदन दिया।
मामले की जानकारी देते हुए महामंडलेश्वर 1008 ज्ञान वर्धन श्री ने बताया कि उनकी बहन उनसे मिलने मंगलदास आश्रम आई थीं। रात्रि के समय उनकी बहन की बेटी साक्षी को आश्रम परिसर में सांप ने काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन जमा कर दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। परिजन पिछले छह माह से लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, फिर भी उन्हें राहत नहीं मिली।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।