नीमच। कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती दे दी। जवाहर नगर में दोपहर करीब 3 बजे तीन बाइक सवार बदमाशों ने 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला लीला देवी के गले से दो तोले की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लीला देवी पति कैलाश चंद्र आगार अपने परिजन के घर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर चेन खींच ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं पाई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। दहशत और आक्रोश का माहौल देखा गया।

सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
