जिले के नारायणगढ़ कस्बे में दो महिलाओं के साथ मारपीट कर उनकी निजी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। पीड़िताओं ने पुलिस थाना नारायणगढ़ में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार हरसोल रोड निवासी लक्ष्मीबाई पति स्व. बाबूलाल पाटीदार (विधवा) और मुन्नीबाई पिता स्व. जगन्नाथजी पाटीदार (परित्यक्ता) ने बताया कि उनके घर के पास उनकी निजी भूमि स्थित है, जिस पर लक्ष्मीबाई के पति की समाधि बनी हुई थी। दिनांक 19 फरवरी की रात करीब 11 बजे नारायणगढ़ निवासी सुनील दिवाणिया और विनोद दिवाणिया लगभग 20 लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और समाधि (ओटला) को तोड़ दिया।
पीड़िताओं का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी चूड़ियां टूट गईं और घर में रखा कूलर भी क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई। महिलाओं का कहना है कि आरोपियों के पास उस भूमि का कोई वैध स्वामित्व नहीं है और वे फर्जी रजिस्ट्री के आधार पर कब्जा करना चाहते हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि दोनों महिलाएं अकेले रहती हैं, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उन्हें लगातार जमीन छोड़ने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िताओं ने पुलिस से सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।