गरोठ। गांधीसागर अभयारण्य क्षेत्र में गिद्धों की तीन दिवसीय गणना शुरू हो गई है। पहले दिन अभयारण्य के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए सर्वे में कुल 728 गिद्ध दर्ज किए गए, जिनमें सात प्रजातियाँ शामिल हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। वर्ष 2025 में यहां 681 गिद्ध पाए गए थे।
वन विभाग द्वारा गिद्ध संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर सामने आया है। घोंसले वाले क्षेत्रों का संरक्षण किया जा रहा है तथा डाइक्लोफेनैक जैसी घातक दवाओं पर प्रतिबंध लगाया गया है।
गणना कार्य विशेषज्ञों एवं प्रशिक्षित वनकर्मियों की निगरानी में किया जा रहा है। तीन दिवसीय गणना पूर्ण होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। वन विभाग का मानना है कि निरंतर संरक्षण प्रयासों से अभयारण्य भविष्य में गिद्ध संरक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।