नीमच। जिला पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा किया गया। पुलिस विभाग में अनुशासन और टीम भावना को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जिला पुलिस लाइन नीमच में नियमित रूप से जनरल परेड आयोजित की जाती है।
दिनांक 20 फरवरी 2026, शुक्रवार को प्रातः 7 बजे रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया द्वारा पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में सभी प्लाटूनों को परेड निरीक्षण के लिए खड़ा किया गया। सुबह 7.15 बजे पुलिस अधीक्षक के आगमन पर परेड कमांडर द्वारा उन्हें सलामी दी गई, जिसके पश्चात परेड निरीक्षण प्रारंभ हुआ। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्लाटूनवार परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट की जांच की गई।
निरीक्षण उपरांत सुबह 7.30 बजे परेड का मार्चपास्ट हुआ तथा 8.10 बजे परेड का विसर्जन किया गया। जनरल परेड के बाद पुलिस अधीक्षक जायसवाल ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित स्टोर, एमटी शाखा एवं आर्माेरी का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परेड निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत किया गया, वहीं खराब टर्नआउट पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को भविष्य के लिए चेतावनी दी गई।
जनरल परेड के अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह, रक्षित निरीक्षक विक्रम सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक निलेष अवस्थी, थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक राधेश्याम डांगी, थाना प्रभारी अजाक निरीक्षक शब्बी मेव सहित पुलिस लाइन, विभिन्न थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ कुल 74 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।