नीमच। भाजपा सरकार के मंत्रियों के खिलाफ कांग्रेस का पूर्व घोषित हल्लाबोल सोमवार को नीमच में जोरदार प्रदर्शन के साथ संपन्न हुआ। प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से प्लैटिनम चौराहा तक रैली निकाली और बाद में मंत्रियों के पुतले दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने पुतला दहन रोकने का प्रयास भी किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोनू लोक्स एवं ओम दीवान ने किया। रैली और प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर दूषित जल प्रकरण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। साथ ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। आंदोलन के दौरान मंत्री विजय शाह और राजेन्द्र शुक्ल को भी निशाने पर लिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विवादों में घिरे मंत्रियों को बचाने में लगी है और जनता की मूल समस्याओं से ध्यान हटाया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि दोषी मंत्रियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन की सिर्फ शुरुआत है और संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।
इस दौरान पुतला दहन कार्यक्रम से पूर्व पुतला लाते समय बबलू नामक व्यक्ति की साइकिल में आग लग गई, जिससे नुकसान हुआ। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित को आर्थिक सहयोग देने की बात भी कही है।