उज्जैन। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सुशासन और आम जनता को सीधे लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित श्विक्रम व्यापार मेलाश् वर्तमान में ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए उत्सव का केंद्र बना हुआ है। मेले में वाहनों की रिकॉर्ड तोड़ बिक्री के बीच उठ रहे तकनीकी सवालों और भ्रांतियों पर विराम लगाते हुए उज्जैन आरटीओ संतोष मालवीय ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ग्वालियर और उज्जैन दोनों स्थानों पर एक साथ मेला आयोजित होने के कारण शुरुआती तौर पर एनआईसी पोर्टल पर टैक्स छूट के प्रावधान को लेकर कुछ तकनीकी दिक्कतें आई थीं, जिसे परिवहन आयुक्त के संज्ञान में लाकर अब पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है। अब वाहन खरीदारों को नियमानुसार 50 प्रतिशत रोड टैक्स की छूट का लाभ सुचारू रूप से मिलना शुरू हो गया है।
आरटीओ मालवीय ने मेले की सफलता के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि पिछले चार दिनों के भीतर ही लगभग 3500 से अधिक वाहनों की बिक्री हो चुकी है। उद्घाटन के पहले दिन 625 और दूसरे, तीसरे दिन 910 से ज्यादा गाड़ियां बिकीं। हालांकि, बारिश और मैदान में कीचड़ की स्थिति के बावजूद भी आज औसतन 300 से अधिक वाहन बिके जो जनता के भारी उत्साह को दर्शाता है। आरटीओ ने स्पष्ट किया कि विभाग का मुख्य लक्ष्य शासन की योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक पहुँचाना है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी भी वाहन स्वामी की तरफ से व्यक्तिगत रूप से कोई परेशानी या शिकायत प्राप्त होती है, तो उस पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।