उज्जैन। रौशन कुमार सिंह और श्रेयांस कूमट ने शुक्रवार दोपहर बड़नगर अनुभाग का औचक निरीक्षण कर शासकीय योजनाओं एवं संकल्प से समाधान अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने बड़नगर तहसील के ग्राम चिकली स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएम शासकीय एकीकृत विद्यालय एवं पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया तथा ग्राम पंचायत इंगोरिया में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र का भी अवलोकन किया गया।
पीएम शासकीय एकीकृत विद्यालय में कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्थाएं और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की जांच की। विद्यालय के आईसीटी लैब सह डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए अटल लैब की गतिविधियों की जानकारी ली गई, जहां स्केच जूनियर प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल स्केचिंग एवं कोडिंग सिखाई जा रही है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर चिकली के निरीक्षण में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही संस्थागत प्रसव, एएनसी पंजीयन एवं दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली गई।
कलेक्टर सिंह ने स्कूल परिसर स्थित पंचायत भवन एवं आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि 30 सितंबर तक 6 वर्ष आयु पूर्ण करने वाले सभी बच्चों की समग्र आईडी, आधार आईडी एवं जन्म प्रमाण पत्र तैयार कराए जाएं। पंचायत सचिव और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि ग्राम पंचायत के सभी 6 वर्ष तक के बच्चों का विद्यालय में प्रवेश हो।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया के निरीक्षण में कलेक्टर ने ओपीडी, दवा वितरण व्यवस्था का जायजा लिया तथा मरीजों व परिजनों से संवाद किया। बीएमओ को निर्देश दिए गए कि सभी प्रसव संस्थागत हों और डॉक्टर व स्टाफ समय पर उपस्थित रहें। बिना सूचना के अनुपस्थित पाए जाने वाले चिकित्सकों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में कलेक्टर ने इंगोरिया में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर विद्युत डीपी शिफ्ट होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बड़नगर, जनपद सीईओ, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।