नीमच। कानून और प्रशासन की चेतावनी के बावजूद कुछ लोगों ने देर रात खुले में तेज आवाज में डीजे बजाया, जो उनके लिए भारी पड़ गया। थाना नीमच कैंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से डीजे उपकरण जब्त कर आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने पहले ही होटल संचालकों और कार्यक्रम आयोजकों की बैठक कर स्पष्ट कर दिया था कि रात 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार का डीजे या लाउडस्पीकर बजाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए शास्त्री नगर में एक शादी समारोह में तेज ध्वनि में संगीत बजाया जा रहा था, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी हो रही थी।
कोलाहल अधिनियम के तहत रात 11.30 बजे कैंट पुलिस ने विजेश पुत्र राजाराम बावरी और नरेंद्र पुत्र शंकर लाल बावरी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से वाहन और डीजे उपकरण भी जब्त कर लिए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और ध्वनि प्रदूषण नियमों तथा सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई की। उल्लेखनीय है कि जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने भी जिला शांति समिति की बैठक में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दें। नीमच कैंट में कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की सख्ती आगे भी जारी रहेगी।