खरगोन। अनुशासन, एकरूपता और टीम भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन खरगोन में भव्य जनरल परेड का आयोजन किया गया। यह परेड रविन्द्र वर्मा, पुलिस अधीक्षक खरगोन के निर्देशन में संपन्न हुई।
पुलिस विभाग में नियमित परेड को अनुशासन की आधारशिला माना जाता है। परेड के माध्यम से पुलिस बल में न केवल शारीरिक दक्षता बल्कि सामूहिक कार्य क्षमता, तत्परता और एकजुटता भी विकसित होती है।
सुबह 6 बजे से प्रारंभ हुआ कार्यक्रम तड़के सुबह 06ः00 बजे पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में समस्त पुलिस बल को फॉल-इन कराया गया। परेड कमांडर सूबेदार मुकेश हायरी द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय को सलामी दी गई एवं निरीक्षण हेतु आमंत्रित किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) बिट्टू सहगल द्वारा पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, वर्दी की सुसज्जता, अनुशासन एवं सुसंगठित प्रस्तुति का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया गया सम्मानित परेड के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं अनुशासन प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। यह पहल पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने और उत्कृष्टता की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जनरल परेड में 01 एसडीओपी, 13 निरीक्षक, 04 उप निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।