इंदौर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदर्शन के दौरान सोमवार को इंदौर में हालात बेकाबू हो गए। पहले से तैनात पुलिस ने कांग्रेस और भाजयुमो कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं के बीच पथराव हो गया। इस दौरान एक-दूसरे पर पानी की बोतलें, तेल की थैलियां, पत्थर, संतरे और टमाटर फेंके गए।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वॉटर कैनन का सहारा लेना पड़ा। पथराव के दौरान सब इंस्पेक्टर आर.एस. बघेल घायल हो गए, जिन्हें सीने के पास पत्थर लगने के बाद उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में आयोजित ऑल इम्पेक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ता इंदौर स्थित कांग्रेस कार्यालय के घेराव के लिए गांधी भवन पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग कर रोक दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
