रतलाम। शनिवार को महिला कांग्रेस की बैठक लेने पहुंचीं रीना बौरासी ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर तीखा हमला बोला। प्रेस क्लब में चर्चा के दौरान उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 35 मौतों को लेकर मंत्री पर जिम्मेदारी नहीं लेने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कार्रवाई के नाम पर केवल दो अधिकारियों को हटाकर खानापूर्ति की गई है और मंत्री तानाशाही रवैया अपना रहे हैं। बौरासी ने कहा कि विजयवर्गीय की भाषा शैली वर्षों से विवादित रही है और वे किसी के बारे में सकारात्मक नहीं बोलते।
उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय नगरीय प्रशासन मंत्री होने के साथ भागीरथपुरा से विधायक भी हैं, लेकिन घटना की जिम्मेदारी नहीं ली गई। साथ ही उन्होंने मोहन यादव पर भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और कहा कि वे इंदौर के प्रभारी मंत्री होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए।
2027 चुनाव में जवाब देने की बात
बौरासी ने कहा कि विपक्ष जनता की आवाज उठाता रहेगा और सत्ता पक्ष से डरने वाला नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आने वाले 2027 के नगर निगम चुनाव में जनता जवाब देगी और भाजपा के खिलाफ आक्रोश दिखाई देगा।
नेता उप प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के इस्तीफे के सवाल पर उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि यह जल्द सुलझ जाएगा।
इससे पहले उन्होंने महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। बैठक में शांतिलाल वर्मा, महेंद्र कटारिया, राजीव रावत, यास्मीन शैरानी, कुसुम चाहर और पार्षद आशा राजीव रावत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।