रतलाम। ब्लिंक कॉमर्स प्रा. लि. रतलाम द्वारा एक्सपायरी खाद्य सामग्री के विक्रय की शिकायत मिलने पर कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार 20 फरवरी को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अकबरी रोड स्थित फर्म का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टू स्टोरी ऑर्गेनिक ब्रांड की एक्सपायरी चने की दाल का विक्रय पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश गुप्ता द्वारा ऑर्गेनिक चने की दाल एवं केरला बनाना चिप्स के नमूने जांच के लिए लिए गए तथा एक्सपायरी खाद्य सामग्री के विक्रय का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
इसके अलावा फर्म गायत्री इंटरप्राइजेज से प्रयाग घी एवं किंग घी, मां अन्नपूर्णा ट्रेडर्स (कस्तूरबा नगर) से घी एवं पोहा, केसरिया ट्रेडर्स से बेली सुपारी के नमूने संग्रहित किए गए। गगन बेकरी, काटजू नगर से क्रीम रोल, अजवाइन फ्लेवर, कोकोनट पाउडर एवं फिनोलेक्स के नमूने लिए गए। निरीक्षण में गगन बेकरी में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री निर्माण पाया गया, जिस पर विभाग द्वारा नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसी क्रम में ताल नगर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा एवं प्रीति मंडोरिया द्वारा कार्रवाई करते हुए भेरुनाथ आइसक्रीम सेंटर (बस स्टैंड ताल) से बादाम शेक, आलोट नाका स्थित जय श्री कृष्णा पानीपुरी सेंटर, लवयांशी पानीपुरी तथा नीम चौक स्थित लक्ष्मी पानी पतासे से पानीपुरी के पानी के नमूने लिए गए। वहीं ओम ट्रेडर्स से तुअर, चना एवं मूंग दाल तथा हरिनारायण सूरजमल किराना से मसूर दाल, उड़द दाल एवं नमक के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी खाद्य व्यापारियों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों के संग्रहण एवं विक्रय के निर्देश दिए हैं। आगे भी निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।