शाजापुर। जिले की कालापीपल तहसील के ग्राम खोकरा कला में होली और रमजान पर्व को देखते हुए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक शासन के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत भवन में आयोजित हुई, जिसमें पुलिस और ग्राम के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सरपंच प्रतिनिधि डॉ. इसरार खान ने बताया कि बैठक में उप निरीक्षक भगत सिंह, प्रधान आरक्षक राहुल चौहान एवं प्रधान आरक्षक सतीश रावत की उपस्थिति में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई। ग्राम कोटवार ने जानकारी दी कि खोकरा कला में परंपरागत रूप से 11 स्थानों पर होली दहन होता है।
बैठक में रमजान को लेकर भी आपसी समन्वय और शांति बनाए रखने पर सहमति बनी। थाना स्टाफ ने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
इस अवसर पर जनपद सदस्य शहजाद कुरैशी, भीमराज पाटीदार, उपसरपंच प्रतिनिधि घनश्याम अहिरवार, सूर्यप्रताप राजपूत, रिंकू प्रजापति, दिनेश केवट, शेख खलील, राकेश पाटीदार, कांता मालवीय, कोटवार अल्केश, अनोखी लाल, राधेश्याम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।