नीमच/जावद। पूर्व मंत्री एवं जावद क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार आमजन के विकास और खुशहाली के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हाल ही में प्रस्तुत बजट ‘जीरो टैक्स’ वाला है, जिसमें जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को साकार करने के लिए हम सभी को संकल्पबद्ध होकर योगदान देना चाहिए।
वे रविवार को जावद में 12.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन संयुक्त एसडीएम एवं तहसील कार्यालय भवन तथा 5.26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन जनपद कार्यालय भवन के भूमिपूजन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम प्रीति संघवी सहित नगरीय निकायों के अध्यक्ष व अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने कहा कि जावद क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास एवं सिंचाई के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं उज्ज्वला योजना से गरीबों को पक्की छत और निःशुल्क गैस कनेक्शन की सुविधा मिली है, वहीं आयुष्मान योजना के माध्यम से 5 लाख रुपये तक का उपचार लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम को जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से नवीन संयुक्त एसडीएम-तहसील कार्यालय भवन तथा जनपद कार्यालय भवन का भूमिपूजन संपन्न हुआ। तहसीलदार पी.एस. पटेल, बी.एल. डाबी, जनपद सीईओ शैलेन्द्र आदिवासी एवं नायब तहसीलदार कमलेश डूडवे ने अतिथियों का अंगवस्त्र व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
अंत में एसडीएम प्रीति संघवी ने आभार व्यक्त किया। समारोह में जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, जावद नगरवासी, अधिकारी-कर्मचारी एवं पत्रकारगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।