इंदौर। राज्य सरकार हर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार नई टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्री को बढ़ावा दे रही हैं। बजट के माध्यम से हर सेक्टर में विकास को गति दी गई है। आने वाले समय में मध्यप्रदेश देवस्थानों और पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा।
यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर में कही। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान कई क्षेत्रों में है। सरकार यह प्रयास कर रही है कि मंदिर प्रबंधन को अर्थव्यवस्था से जोड़कर रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 नए लोक विकसित किए जा रहे हैं और एआई से लेकर डिजिटल तकनीक तक हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। आने वाले समय में प्रदेश हेल्थ टूरिज्म का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने इंदौर एयरपोर्ट पर स्वामी यतींद्र गिरी जी महाराज ने सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर सदैव आस्था और श्रद्धा के केंद्र रहे हैं, लेकिन उनसे जुड़े वित्तीय और प्रबंधन पक्ष भी रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा के बाद देश में सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र उज्जैन के रूप में उभरा है। इसी तर्ज पर ओंकारेश्वर, मय्यर की माताजी, राजाराम लोक, ओरछा और सलकनपुर जैसे धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है।