दिल्ली पुलिस ने रविवार को ग्वालियर से यूथ कांग्रेस के एक नेता को गिरफ्तार किया है। उसे दिल्ली ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार नेता दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल था। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि इस तरह के प्रदर्शन से देश की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।
दरअसल, दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट कार्यक्रम के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। कार्यक्रम के फुटेज के आधार पर पुलिस प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस को शक है कि ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में रहने वाले यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव भी इस प्रदर्शन में शामिल थे। इसी आधार पर दिल्ली से आई पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में लिया और दिल्ली रवाना हो गई।
वहीं, स्थानीय पुलिस के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस ने कहा- पूरे परिवार को प्रताड़ित किया
कांग्रेस प्रवक्ता आर पी सिंह ने बताया कि कोई आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है। युवक कांग्रेस के एक नेता जितेंद्र यादव के घर पर जाकर पुलिस ने रेड डाली, बल्कि मैं तो यह कहूंगा कि अनाधिकृत रूप से उन्होंने घर में प्रवेश किया। पूरे घर परिवार के लोगों को प्रताड़ित किया। उनके मोबाइल तक जब्त कर लिया। लगता ही नहीं कोई कानूनी व्यवस्था है। पूर्ण अराजकता का माहौल है।
सुबह से शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष, ग्रामीण जिला अध्यक्ष समेत सभी लोग थाने, एसपी कार्यालय से लेकर क्राइम ब्रांच सहित अन्य स्थानों पर चक्कर लगा रहे हैं। कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल रही है। ऐसा लग रहा है कि कोई आतंकवादी जैसी हरकत हुई है।