जावद। प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में रविवार को दो महत्वपूर्ण भवनों का भूमिपूजन किया गया। क्षेत्र के पूर्व मंत्री और विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने 12.60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले संयुक्त एसडीएम-तहसील कार्यालय भवन तथा 5.26 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नवीन जनपद कार्यालय भवन की आधारशिला रखी।
एक ही परिसर में मिलेंगी सेवाएं
संयुक्त एसडीएम और तहसील भवन बनने से आम नागरिकों को राजस्व और प्रशासनिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे कामकाज में तेजी और सुविधा बढ़ेगी। वहीं जनपद कार्यालय के नए भवन से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति आने की उम्मीद जताई गई है।
जीरो टैक्स बजट और विकसित भारत का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सखलेचा ने प्रदेश सरकार के हालिया बजट को “जीरो टैक्स बजट” बताते हुए कहा कि इसमें आम जनता पर कोई अतिरिक्त कर नहीं लगाया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
योजनाओं से मिला गरीबों को लाभ
जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और डोम निर्माण के कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्के मकान, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंदों को 5 लाख रुपए तक के उपचार की सुविधा मिल रही है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुई और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर तहसीलदार पी.एस. पटेल, बी.एल. डाबी, जनपद सीईओ शैलेंद्र आदिवासी, नायब तहसीलदार कमलेश डूडवे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत पदाधिकारी, शहरवासी और पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में एसडीएम प्रीति संघवी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।