नीमच। “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत 23 फरवरी को नीमच जिला चिकित्सालय स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक चले इस शिविर में नगर पालिका क्षेत्र के बड़ी संख्या में दिव्यांग हितग्राहियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और प्रमाण-पत्र प्राप्त किए।
मौके पर ही जारी हुए प्रमाण-पत्र
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं की जांच कर त्वरित पहचान की और पात्र हितग्राहियों को स्थल पर ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी किए। पूरी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखते हुए पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण और प्रमाण-पत्र वितरण को सरल एवं पारदर्शी बनाया गया, जिससे दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
योजनाओं का लाभ दिलाना मुख्य उद्देश्य
नगर पालिका प्रशासन की पहल पर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना रहा। सिविल सर्जन महेंद्र पाटिल ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन शासन की योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त कर सकें।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
शिविर के दौरान एसडीएम संजीव साहू तथा सीएमओ दुर्गा बामनिया ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से चर्चा कर सुविधाओं की जानकारी ली।
गौरतलब है कि यह शिविर विशेष रूप से नीमच नगर पालिका क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए आयोजित किया गया था।