शिवपुरी। शहर के झांसी तिराहा स्थित शराब की दुकान के पास शनिवार को पुलिस आरक्षक से धक्कामुक्की और अभद्रता करने वाले दोनों आरोपियों का रविवार को पुलिस ने जुलूस निकाला। देहात थाना पुलिस ने दोनों को पैदल ही थाना परिसर से झांसी तिराहा और गुरुद्वारा मार्ग होते हुए न्यायालय तक ले जाया।
जुलूस के दौरान दोनों आरोपी कान पकड़कर “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” कहते हुए चलते रहे। रास्ते भर यह नजारा देखने लोगों की भीड़ जुटी रही।
गौरतलब है कि झगड़े के दौरान बीचबचाव करने पहुंचे आरक्षक राहुल चौहान से आरोपियों ने गालीगलौच और धक्कामुक्की की थी। एक आरोपी ने तो कड़े से वार करने की कोशिश करते हुए कहा था कि “हाथ नहीं, हथौड़ा है३” और वर्दी पकड़कर बटन तोड़ दिया था।
इस मामले में एक आरोपी की पहचान लवप्रीत सरदार और दूसरे की पहचान छोटू परिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
देहात थाना प्रभारी ने बताया कि विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।