नीमच। स्वच्छता के साथ स्वास्थ्य और पर्यावरण की नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से शहर के 18 प्रमुख उद्यानों का व्यापक सौंदर्यकरण किया जा रहा है। “स्वच्छ नीमच, स्वस्थ नीमच” संकल्प के तहत लाखों रुपये की लागत से रंग-रोगन, आकर्षक लाइटिंग, पौधों की कटिंग, नए पौधारोपण और पाथवे सुधार जैसे कार्य तेजी से पूरे किए गए हैं।
सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने उपाध्यक्ष रंजना करण सिंह परमार, स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित और पार्षद योगेश कवीश्वर के साथ गांधी वाटिका, महावीर वाटिका और शिक्षक कॉलोनी स्थित बालाजी मंदिर बगीचा का निरीक्षण किया। इस दौरान बगीचा शाखा प्रभारी महावीर जैन को गुणवत्ता बनाए रखने और कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
गांधी वाटिका में नई सुविधाएँ
गांधी वाटिका में एक्यूप्रेशर टाइल्स लगाने तथा मंदिर गेट से भीतर तक सीसी रोड निर्माण की योजना तैयार की गई है। इन कार्यों से उद्यानों का स्वरूप निखरकर सामने आया है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी।
ग्वालटोली तलैया के पास बनेगा नमो पार्क
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि ग्वालटोली तलैया क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से “नमो पार्क” विकसित किया जाएगा, जिसकी ड्राइंग-डिजाइन तैयार हो चुकी है। यह पार्क भविष्य में शहर का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनेगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि प्रतिदिन परिवार के साथ एक घंटा बगीचों में बिताएं, इससे स्वास्थ्य बेहतर होगा और पारिवारिक संबंधों में भी मधुरता आएगी।