खरगोन। निमाड़ के किसानों ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पंहुच कर कार्यालय को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
निमाड़ क्षेत्र के कपास उत्पादक किसानों ने भारत सरकार से भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि हाल ही में हुई इस डील से देश के कपास उत्पादकों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उनका आरोप है कि बांग्लादेश और अमेरिका के बीच हुई व्यापारिक शर्तों के कारण बांग्लादेश अमेरिकी कपास पर 0 प्रतिशत टैरिफ देगा, जबकि भारत पर पहले से 18 प्रतिशत टैरिफ लागू है।
किसानों के अनुसार भारत का लगभग 70 प्रतिशत कपास बांग्लादेश को निर्यात होता है, लेकिन अब बांग्लादेश द्वारा भारत से कपास आयात नहीं करने की घोषणा से हजारों किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि यदि भारतीय कॉटन उद्योग भी अमेरिका से सस्ता कपास आयात करेगा तो इसका सीधा नुकसान देश के कपास उत्पादक किसानों को होगा।
किसान कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने किसानों के हित में यह ट्रेड डील निरस्त नहीं की तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।