सोनकच्छ। नेवरी फाटा धाम में रविवार को भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा का मनमोहक श्रृंगार किया गया और पूरे परिसर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सोनकच्छ से पहुँची भव्य निशान यात्रा
सोनकच्छ नगर से हजारों श्रद्धालु निशान यात्रा लेकर धाम पहुंचे। जैसे ही यात्रा ने मंदिर परिसर में प्रवेश किया, “श्याम नाम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। खाटू श्याम सेवा समिति, नेवरी फाटा द्वारा श्रद्धालुओं का इत्र वर्षा, गुलाल वर्षा और पुष्प वर्षा से भव्य स्वागत किया गया।
डीजे पर “आज ब्रज में होली रे रसिया” भजन गूंजते ही श्याम भक्त भक्ति रस में झूम उठे और घंटों नृत्य करते रहे। लगातार तीसरे वर्ष निकली इस निशान यात्रा का मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया गया। कई श्रद्धालु नेवरी फाटा चौराहे से मंदिर तक दंडवत प्रणाम करते हुए पहुंचे, जिसने आयोजन को और अधिक भावनात्मक बना दिया।
भोग, भंडारा और सुरक्षा व्यवस्था
बाबा को विधि-विधान से भोग अर्पित किया गया। सेवा समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भौरासा थाना प्रभारी अनीता सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहीं।