चित्तौड़गढ़। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को आयोजित किए जाने वाले विशाल महिला रक्तदान शिविर की तैयारियों को लेकर आचार्य तुलसी बहुउद्देशीय फाउंडेशन (एटीबीएफ) की महिला टीम की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक संस्थापक सुनील ढीलीवाल के निर्देशन में ‘सर्जिकल पॉइंट’ पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष पूर्णिमा मेहता ने की।
बैठक के दौरान आगामी महिला रक्तदान शिविर के आकर्षक पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष तारा पारिक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर मीना नरेन्द्र चोरडिया मोनोमार्क इंजीनियरिंग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 275 महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है तथा आगामी दिनों में 400 से अधिक पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
संस्थापक सुनील ढीलीवाल ने अपने उद्बोधन में कार्यकर्ताओं को मोहल्ला-वार महिलाओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क आवश्यक है, ताकि अधिकाधिक महिलाएं रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में भागीदारी निभा सकें।
बैठक में कार्यकारिणी सदस्य तारा सहलोत, नेहा सुराणा, ज्योति चोपड़ा, श्वेता ढीलीवाल, राखी गुप्ता, मिनाक्षी लढ्ढा, प्रमिला बड़ाला एवं दीपिका सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए। सभी ने मिलकर शिविर को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।
अंत में यह निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में प्रचार-प्रसार अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि 8 मार्च को आयोजित होने वाला यह महिला रक्तदान शिविर ऐतिहासिक और प्रेरणादायी सिद्ध हो।