नीमच। पुलिस अधीक्षक जिला नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशानुसार एवं नवलसिंह सिसोदिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमच के मार्गदर्शन में दिनांक 22/23.02.2026 की दरम्यानी रात्रि में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त का आयोजन किया गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस बल द्वारा लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानी/गुण्डा बदमाशों की चेकिंग, होटल-लॉज-ढाबों की जांच, लघु अधिनियमों के अंतर्गत कार्यवाही, गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ तथा महिला संबंधी अपराधों के आदतन आरोपियों की निगरानी हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
प्रमुख कार्यवाहियां
12 स्थानों पर संयुक्त चेकिंग की गई। 400 से अधिक वाहनों की जांच कर यातायात नियमों के उल्लंघन पर 72 चालान काटे गए तथा ₹31,600 समन शुल्क वसूला गया। धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कार्यवाही की गई।
कुल 151 वारंट तामील किए गए, जिनमें 57 स्थाई वारंट, 01 फरारी वारंट एवं 93 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। अधिकांश स्थाई वारंटी लंबे समय से फरार थे।
तामील वारंटों में मादक पदार्थ तस्करी के 06, शरीर संबंधी अपराधों के 73 एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के 28 वारंट शामिल रहे।
138 निगरानीशुदा बदमाश/गुण्डों की रात्रि में चेकिंग की गई।
अवैधानिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु 72 होटल, लॉज एवं ढाबों की जांच की गई।
आबकारी अधिनियम के तहत 17 प्रकरण दर्ज कर 81 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
सट्टा अधिनियम के तहत 02 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
27 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।
शस्त्र अधिनियम के तहत 02 प्रकरण दर्ज किए गए।
महिला संबंधी अपराधों के 09 आदतन आरोपियों की विशेष चेकिंग कर उनकी आमद-रफ्त, गतिविधियों एवं चाल-चलन की जानकारी प्राप्त की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।