नीमच। मध्यप्रदेश इलेक्ट्रिसिटी एम्पलाइज यूनियन शाखा नीमच ने आउटसोर्स विद्युत कर्मियों के नियमितीकरण, वेतन वृद्धि और दुर्घटना बीमा बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विधानसभा में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर द्वारा दिए गए उस बयान पर आपत्ति जताई गई, जिसमें आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण की कोई योजना नहीं होने की बात कही गई थी। यूनियन पदाधिकारी शैलेंद्र सिंह ठाकुर का कहना है कि चुनाव पूर्व घोषणा पत्र में आउटसोर्स कर्मियों को नियमित करने और केंद्र सरकार के समान वेतन देने का वादा किया गया था, जिसे पूरा किया जाना चाहिए।यूनियन ने यह भी आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर चार लाख रुपये के दुर्घटना बीमा के प्रावधान के बावजूद जिले के कई प्रभावित परिवारों को अब तक सहायता राशि नहीं मिली है।यूनियन की मांग है कि प्रदेश के सभी आउटसोर्स विद्युत कर्मियों का नियमितीकरण किया जाए, न्यूनतम वेतन 30 हजार प्रतिमाह तय किया जाए तथा दुर्घटना बीमा बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया जाए। मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।