नीमच। जिले के गांव नेवड के ग्रामीणों ने नीमच-सिंगोली रोड निर्माण कार्य में नाली निर्माण को लेकर अनियमितता की शिकायत जिला जनसुनवाई में दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जहां सर्वे के दौरान सड़क के सेंटर से 10-10 मीटर दूरी पर नाली बनाने के निशान लगाए गए थे, वहीं ठेकेदार द्वारा 7-7 मीटर पर नालियां बनाई जा रही हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सरपंच द्वारा आपत्ति दर्ज कराने और अधिकारियों द्वारा कार्य रुकवाने का आश्वासन देने के बावजूद निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अन्य गांवों में 10 मीटर दूरी के मानक का पालन किया जा रहा है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 01 स्थित बाछड़ा बस्ती, जहां लगभग 50 परिवार निवास करते हैं, वहां नाली निर्माण नहीं किए जाने पर भी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है। गांववासियों ने कलेक्टर से निर्धारित मानक अनुसार नाली निर्माण कराने और बस्ती क्षेत्र में भी नाली बनवाने की मांग की है।