भौरासा। ग्राम भलाईकला स्थित प्रसिद्ध सूर्यमुखी खेड़ापति हनुमान मंदिर में पुजारी भक्त गुरुजी श्री 108 महामंडलेश्वर पंडित बाबूलाल शर्मा द्वारा रखा गया मौन व्रत मंगलवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने 10 जनवरी से 24 फरवरी 2026 तक लगभग 1 माह 15 दिन का मौन व्रत क्षेत्र, प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए रखा था।
मंगलवार सुबह करीब 11ः30 बजे संत मिट्ठू सरकार, भाजपा जिलाध्यक्ष राय सिंह सेंधव तथा सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान के साथ पंडित बाबूलाल शर्मा का मौन व्रत तुड़वाया। इस अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
आयोजन के उपलक्ष्य में ग्राम भलाईकला में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों सहित आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने महाराज के दर्शन कर प्रसादी ग्रहण की।
भाजपा जिलाध्यक्ष राय सिंह सेंधव ने कहा कि संतों का आशीर्वाद समय-समय पर मिलता रहना चाहिए। पंडित बाबूलाल शर्मा की साधना समाज को नए संस्कार देने का कार्य कर रही है।
वहीं विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि संतों के सानिध्य के बिना मानव जीवन का कल्याण संभव नहीं है। संतों ने ही मानव को मानव बनाने का कार्य किया है और हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें उनका मार्गदर्शन मिलता रहता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।