नीमच। नीमच की अग्रणी साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था कृति द्वारा आयोजित बेसन आधारित व्यंजन प्रतियोगिता ने शहर की महिलाओं को अपनी पाक-कला प्रदर्शित करने का सुंदर मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार दोपहर गांधी वाटिका में किया गया, जिसमें 50 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में महिलाओं ने बेसन से बने स्वादिष्ट व आकर्षक मीठे एवं नमकीन व्यंजन प्रस्तुत किए।
मीठे व्यंजन वर्ग में चक्की के लिए अंजली आसवानी प्रथम, ड्रायफ्रूट रोल के लिए कुसुम काला द्वितीय तथा केक के लिए निकिता जैन तृतीय स्थान पर रहीं।
नमकीन वर्ग में वेजिटेबल कटलेट के लिए दिव्या मुच्छाल प्रथम, खांडवी के लिए विनिता मंत्री द्वितीय एवं कलमी बड़ा के लिए कृति धनोतिया तृतीय स्थान पर रहीं।
निर्णायक मंडल में मोनिका जैन, अमरजीत कौर एवं ममता विजयवर्गीय शामिल रहीं, जिन्होंने स्वाद, गुणवत्ता एवं प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
संस्था अध्यक्ष डॉ. अक्षय राजपुरोहित एवं प्रचार सचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि संस्था द्वारा प्रतिवर्ष इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित कर महिलाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया जाता है। विजेताओं को अनीता समदानी, वंदना मंत्री एवं डॉ. संगीता भारती ने पुरस्कार प्रदान किए।