नीमच। जनगणना 2027 को लेकर जिला पंचायत सभाकक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। कलेक्टर ने बताया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल होगी और नागरिक 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। प्रगणक के घर आने पर नागरिकों से सही-सही जानकारी लेकर उसे डिजिटल रूप से संकलित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रथम चरण (1-30 मई 2026) में मकान सूचीकरण और द्वितीय चरण (फरवरी 2027) में जनसंख्या गणना होगी। मकान सूचीकरण के दौरान 33 बिंदुओं पर जानकारी- भवन/मकान विवरण, निर्माण सामग्री, उपयोग, परिवार संरचना, पेयजल, शौचालय, ईंधन, स्वामित्व आदि एकत्र की जाएगी। सभी व्यक्तिगत जानकारियां जनगणना अधिनियम 1948 के तहत पूर्णतः गोपनीय रहेंगी, किसी भी ओटीपी या बैंक विवरण की मांग नहीं की जाएगी।
यह देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल ऐप, पोर्टल और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग होगा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी देकर जनगणना को सफल बनाएं।