नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की पीआईसी बैठक नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और सभापतियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में करीब 272 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।
अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि बजट के पारित होने से शहर के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। इस बजट में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वाति चोपड़ा ने कहा कि प्रमुख प्रस्तावों में ग्वाल टोली तालाब क्षेत्र में नमो पार्क और पिकनिक स्पॉट का विकास, शहर के चारों ओर स्वागत द्वारों का निर्माण, नगर पालिका के नवीन कार्यालय भवन का निर्माण तथा मेडिकल कॉलेज के सामने यू-शेप मार्केट और फूड जोन की स्थापना शामिल है। इसके साथ ही विभिन्न प्रशासनिक और रचनात्मक कार्यों के लिए भी प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि बैठक में सभापतियों की सहमति से बजट पारित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से शहर को आधुनिक स्वरूप मिलेगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।