नीमच। अग्रवाल विकास समिति नीमच की ओर से श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के सहयोग से दिव्यांग पीड़ितों की सेवार्थ दिव्यांगों एवं वृद्धजनों के लिए तीन दिवसीय निःशुल्क दिव्यांग कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं उपकरण वितरण शिविर का आयोजन दिनांक 15 से 17 मार्च 2026 तक स्थानीय सीएसवी अग्रोहा भवन, नीमच पर किया जा रहा है। शिविर में लगभग 1000 दिव्यांगों को सहायता प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उक्त शिविर में आने वाले समस्त दिव्यांगों को उनकी जरूरत के अनुसार कृत्रिम पैर, वॉकर, छड़ी, कृत्रिम हाथ, केलिपर्स, बैसाखियाँ, ट्राईसाईकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र आदि निःशुल्क प्रदाय किये जाएंगे। शिविर में जयपुर फुट व हाथ का प्रत्यारोपण किया जाएगा जिसमें लाभार्थी दिव्यांग का पैर या हाथ का नाप लेकर स्थल पर ही उसे तैयार किया जाकर निःशुल्क लगाया जाएगा।
साथ ही उनके आवास एवं भोजन की व्यवस्था भी समिति द्वारा ही की जाएगी। लाभ लेने के लिये रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है जिसकी अंतिम तिथि 10 मार्च 2026 है। रजिस्ट्रेशन सीएसवी अग्रोहा भवन कार्यालय पर कराया जा सकता है। पंजीयन के लिये दिव्यांग बंधु को अपना आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र के साथ आवेदन करना होगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन हेतु आज 26 फरवरी 2026 को समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक सीएसवी अग्रोहा भवन पर सायं 7.00 बजे आयोजित की गई है। समिति अध्यक्ष गोपाल गर्ग जीएमडी, सचिव सुनील सिंहल ने अधिक से अधिक दिव्यांग बंधुओं व जरूरतमंद बुजुर्गों से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।