खरगोन। भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले बुधवार को पेंशनर सहित शासकीय विभागों में कार्यरत कर्मचारियों, श्रमिक संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए लंबित मांगों के समर्थन में प्रभावी आक्रोश रैली निकाली। कुंदा तट स्थित चौपाटी से हाथों में नारे लिखी तख्तियां एवं झंडा लिए सैंकड़ों की संख्या में शामिल हुए कर्मचारियों, श्रमिकों ने अभी करो अर्जेंट, करो, हमारी मांगें पूरी करो जैसे नारे लगाकर ध्यान आकृष्ट कराया। इस प्रदर्शन में 28 विभागों में कार्यरत बाह्य स्त्रोत आउटसोर्स, दैनिक वेतनभोगी, संविदा कर्मचारी, बिजली कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ही पेंशनर भी शामिल हुए।
कलेर्क्ट्रेट पहुंचकर 50 सुत्रीय मांगों का मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने शासन को चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नही लिया तो उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे।
भारतीय मजदूर संघ पदाधिकारी पंकज मलतारे,नरेंद्र पटेल, रंजना सागोर, रंजना पटेल, लोकेंद्र वर्मा अध्यक्ष, विजय सोनारे, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रोकड़े मैडम एवं सभी आउटसोर्स कर्मचारी पदाधिकारी मौजूद रहे।