मंदसौर। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय एस.एन. उदिया महाविद्यालय, गरोठ में जिला रोजगार कार्यालय और जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के संयुक्त समन्वय से युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिस मेला आयोजित किया गया।
रोजगार मेले में कुल 460 युवक-युवतियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 347 का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया। मेले में उपस्थित 7 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, राष्ट्रीय आजीविका मिशन तथा नगर परिषद गरोठ ने हितग्राहियों को स्वरोजगार योजनाओं के तहत चेक वितरण भी किया।
मेले में स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य शासकीय विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार और उपाध्यक्ष मनुप्रिया विनीत यादव ने किया।
रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को न केवल रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के प्रति जागरूक भी किया गया।