इंदौर। पूर्वी आउटर रिंग रोड के लिए प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पर उग्र प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने अर्धनग्न होकर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार से सम्मान में मिले मेडल और शील्ड गले में टांगकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पूर्वी रिंग रोड प्रोजेक्ट के तहत उनकी कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है, लेकिन मुआवजा, पुनर्वास और अन्य मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी बात सुने बिना ही अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
मेडल पहनकर जताया आक्रोश
कई किसानों ने बताया कि उन्हें पूर्व में कृषि या सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया था। उन्हीं सम्मानों के प्रतीक मेडल गले में पहनकर वे कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, ताकि प्रशासन को यह संदेश दिया जा सके कि जिन किसानों को कभी सम्मानित किया गया, आज वही अपनी जमीन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मांगों को लेकर दिया धरना
किसान उचित मुआवजा, पारदर्शी सर्वे प्रक्रिया और पुनर्वास नीति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं। इन मांगों को लेकर किसानों ने कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित रखा गया। प्रशासन की ओर से प्रतिनिधियों को चर्चा के लिए बुलाए जाने की बात कही गई है।