शाजापुर। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय शाजापुर में उज्जैन रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक नवनीत भसीन द्वारा कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय सहित जिले के समस्त एसडीओपी और विभिन्न थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
डीआईजी ने निर्देश दिए कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा खुफिया तंत्र को सक्रिय रखा जाए। उन्होंने प्रभावी पुलिस बंदोबस्त, रात्रि गश्त, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया।
साथ ही अधिकारियों को सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर त्वरित कार्रवाई करने और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत प्रभावी प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों, शांति समिति एवं आमजन से सतत संवाद बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
बैठक के पश्चात डीआईजी नवनीत भसीन ने नवनिर्माणाधीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण भी किया।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि जिले में शांति, सुरक्षा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।