नीमच। जयस द्वारा वनमंडल अधिकारी कार्यालय के सामने शुरू किया गया धरना लगातार जारी है। संगठन ने आरोप लगाया है कि ग्राम तरौली, तहसील सिंगोली निवासी हेमराज भील को वन अपराध प्रकरण में बिना विधिसम्मत प्रक्रिया और ठोस जांच के आरोपी बनाया गया। जयस पदाधिकारी कहते हैं कि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई और निर्दाेष व्यक्ति को जल्दबाजी में आरोपित किया गया।
धरना स्थल पर वनमंडल अधिकारी एस.के. अटोदे और एसडीओ दशरथ अखंड पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर समस्याओं का लिखित ज्ञापन देने को कहा। जयस ने कहा कि उनका ज्ञापन पहले ही जिलाधीश को सौंपा जा चुका है, इसलिए पुनः आवेदन की आवश्यकता नहीं है।
स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, हालांकि दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई, लेकिन फिलहाल कोई ठोस समाधान नहीं निकला। जयस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।